मटकी फोड़कर मनाया कृष्ण जन्मोत्सव, उमड़े सैकड़ों श्रद्धालु

Update: 2023-09-10 10:25 GMT
उदयपुर। उदयपुर कस्बे के चारभुजा मंदिर, ठाकुर देवरा स्थित ठाकुर जी मंदिर, लक्ष्मीनारायण मंदिर में विशेष आयोजन हुए। प्रतिमाओं का विशेष शृंगार किया गया। सुबह से श्रद्धालुओं का दर्शन के लिए तांता लगा रहा। रात 12 बजे कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया और आरती कर प्रसाद वितरण हुआ। कस्बे के कुम्हारवाड़ा और शनि महाराज मंदिर चौक में मटकी फोड़ का आयोजन हुआ। इसमें बच्चों ने भी उत्साह के साथ भाग लेकर मटकी फोड़ी। फतहनगर. जन्माष्टमी के अवसर पर नगर के द्वारिकाधीश मंदिर, सत्यनारायण अखाड़ा मंदिर सहित अनेक मंदिरों में विविध कार्यक्रम हुए। मंदिरो को गुब्बारों, फूलों व रंगीन फर्रियों से सजाया गया। अखाड़ा मंदिर पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता हुई। मंदिरों में ठाकुरजी की आकर्षक झांकी सजाई गई। शाम को भजन संध्या का आयोजन हुआ। महाआरती के बाद श्रद्वालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। नयागांव. नन्द घर आनन्द भयो, जय कन्हैया लाल की... के जयकारो के साथ कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। पंचायत समिति नयागांव के थाणा आदर्श उच्च माध्यमिक विद्यालय में कृष्ण जन्मोत्सव में बच्चों ने सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी।
प्रभारी उम्मेद सिंह ने बताया कि अंत में महाआरती के बाद प्रसाद वितरण हुआ। पारसोला. कृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर कस्बे के समस्त विष्णु समाज व श्रीराम सेवा समिति के तत्वावधान में ठाकुरजी मंदिर प्रांगण से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में राधा-कृष्ण की झांकियां सजाई गई। शोभायात्रा सदर बाजार, साबला मोड़, पुराना बस स्टैंड, स्वामी विवेकानंद चौक होते हुए राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचा। यहां रासलीला व गरबा नृत्य किया गया। करीब 30 फिट ऊंची मटकी पिरामिड बनाकर फोड़ी गई। मटकी फोड़ में आसपास के सैकड़ो कृष्ण भक्त पहुंचे। अंत में प्रसाद वितरित किया गया। खेरोदा. कस्बे में श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर जणवा समाज के चारभुजा मंदिर पर ठाकुर जी का वेवाण निकाला गया। जो मंदिर से शुरू होकर माताजी मंदिर, ब्राह्मणों का मंदिर, राजपूतों का मंदिर, बस स्टैंड, सदर बाजार, होली चौक, गांधी चौक होते हुए पुन: मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुआ। कस्बे के चारभुजा मंदिर में भक्तों ने दर्शन किए। जगह-जगह शोभायात्रा का फूलों से स्वागत किया गया। कालीभीत. स्थानीय ग्राम पंचायत के लोहार फला के गणपति चौक में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान की झांकी सजाकर पूजन किया और देर रात तक भजन कीर्तन का दौर चला। जन्मोत्सव पर मटकी फोड़ कार्यक्रम महिला मंडल की ओर से आयोजित हुआ। मटकी फूटते ही हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की... के जयकारे लगे। इस दौरान यमुना देवी चौधरी, राजी देवी चौधरी, शानु, टीना, रविना आदि मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News