आजमगढ़। महाराजगंज थाना क्षेत्र के बछवरा गोवर्धनपुर गांव में शुक्रवार लगभग 3ः30 बजे लोगों के घरों में प्रवाहित हुए हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक की मौत हो गई, वहीं 2 लोग झुलस कर बुरी तरह घायल हो गये। घायलों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार गोवर्धनपुर गांव में शुक्रवार शाम लगभग 3ः30 बजे संतोष कुमार राजभर पुत्र रामदुलार उम्र 35 वर्ष को अपने घर में बिजली के बोर्ड में मोबाइल चार्जर लगाते समय करंट पकड़ लिया, जिससे मौके पर उनकी मौत हो गई, वही बगल में अमन राजभर पुत्र सुरेंद्र राजभर एमसीबी गिराते समय करेंट की चपेट में आकर झुलस गया। बगल के घर में कंचन पत्नी घनश्याम बर्तन साफ कर रही थी कि उसके हैंड पाइप में लगे मोटर में करंट उतरने से वह भी झुलस गई। दोनों लोगों को परिजनों ने प्राइवेट अस्पताल में भती कराया है, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
मृतक संतोष रोजी रोटी के लिए दुबई में रहता था। चचेरे भाई की शादी में 10 दिन पूर्व घर आया, 6 तारीख को उसको दुबई जाना था। मृतक के 5 लड़की व 1 पुत्र हैं। मृतक की पत्नी सविता का रो रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
Tags: