यूपी। राजधानी लखनऊ में गुरुवार की देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। सीतापुर हाईवे पर बीकेटी इलाके में सरइयां गांव के पास सन्नाटे में खड़ी कार आग का गोला बन गई। भीषण आग में धमाके के साथ कार के शीशे तक फट गए। अंदर मौजूद युवक की लाश इस आग में कंकाल बन गई। पुलिस कार नंबर के आधार पर डिटेल निकालकर मालिक को सूचना दी। कार में आग खुद लगी या किसी ने युवक की हत्याकर कार में डालकर आग लगाई। पुलिस दोनों बिंदुओं पर तफ्तीश कर रही है।
सीतापुर हाई-वे पर सरइयां गांव के पास गुरुवार देर रात करीब साढ़े 11 बजे मारुति जेन कार में एकाएक आग लग गई। आग की तपिश से धमाकों के साथ कार के शीशे फटने लगे। इससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। बीकेटी थाने से पुलिस और दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने दमकल कर्मियों की मदद से आग पर काबू पाया। देखा तो कार के अंदर एक युवक का जला हुआ शव मिला। आग के कारण युवक का हड्डियां बाहर आ गई थीं। पुलिस ने कार नंबर के आधार पर गाड़ी मालिक की डिटेल निकाली। पता चला कि कार खुर्रमनगर निवासी अलमाश हक पुत्र हमीदुल के नाम से रजिस्टर्ड है। कार मालिक के परिवार को घटना की जानकारी दी गई। फिलहाल शव की पहचान नहीं हो सकी। एसीपी विकास पांडेय और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन किए। एसीपी ने बताया कि शव की पहचान की कोशिश की जा रही है। हत्या अथवा हादसा दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक कार हाईवे किनारे सफेद पट्टी पर खड़ी थी। कार जहां जली है वहां पर कोई ठहराव चौराहा, तिराहा अथवा दुकान नहीं है। ऐसे में आशंका है कि कोई कार लेकर आया हो और चालक की हत्याकर आग लगाकर फरार हो गया।