अवैध शराब पर बुलडोजर एक्शन, 34,720 लीटर शराब नष्ट
अवैध शराब कारोबार पर प्रशासन की सख्ती
Alirajpur आलीराजपुर: अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर शराब को नष्ट कर दिया। कलेक्टर की अनुमति के बाद नगर पालिका के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर आबकारी और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2018 से 2024 के बीच विभिन्न मामलों में जब्त की गई कुल 34,720 बल्क लीटर अवैध शराब का नष्टीकरण किया गया। यह शराब 44 अलग-अलग प्रकरणों में जब्त की गई थी, जिनका न्यायालयीन निपटारा पूरा होने के बाद नियम अनुसार नष्ट किया गया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने बुलडोजर और रोड रोलर की मदद से शराब को पूरी तरह नष्ट किया ताकि उसका दोबारा उपयोग संभव न हो। मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहा। जिला आबकारी अधिकारी राधेश्याम राय ने बताया कि इस कार्रवाई में पुलिस विभाग द्वारा जब्त 21,964 बल्क लीटर और आबकारी विभाग द्वारा जब्त 12,756 बल्क लीटर शराब शामिल थी।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई से अवैध कारोबार पर सख्त संदेश जाता है और कानून व्यवस्था मजबूत होती है।