Lucknow. लखनऊ। लखनऊ के गाजीपुर थाना क्षेत्र के इंदिरानगर इलाके में बीते रविवार को स्कार्पियो और फार्च्यूनर जैसी 3 गाड़ियों से मुरसलीन नाम के युवक को दौड़ाकर फिल्मी स्टाइल में उसपर 4 राउंड फायरिंग करने वाले 2 अभियुक्तों को लखनऊ की गाजीपुर थाना पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका हालत में इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि घटना के बाद लहूलुहान हालात में घायल मुरसलीन खुद स्कूटी से अस्पताल पहुंचा था, जहां से पुलिस ने उसे बेहोशी की हालत में लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस टीम ने बताया कि थाना गाजीपुर पुलिस टीम, स्वाट व सर्विलांस टीम के साथ साथ क्राइम ब्रांच पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे अरशल गाजी और फैज अली नाम के 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कार्पियो गाड़ी बरामद की है। पुलिस का कहना है कि इस प्रकरण में घायल के भाई की ओर से अरशल, फैसल, फैजल, फैज, समृद्धि सिंह, अजय और शादाब नाम के अभियुक्तों के साथ साथ 7 से 8 अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन कर तलाश की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना में घायल हुआ युवक व हमलावर दोनों रिश्तेदार हैं। बताया जाता है कि सर्वोदय नगर के रहने वाले मुरसलीन का कुकरैल बंधा स्थित बालाजी भोजनालय पर रविवार दोपहर दो बजे अपने रिश्तेदार से विवाद हुआ था। विवाद के बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए। रविवार शाम मुरसलीन दोबारा से अपनी गाड़ी से भोजनालय के पास आया। अपनी गाड़ी से उतरकर होटल के पीछे बनी एक निर्माणाधीन इमारत की ओर भागा और पीछे से सभी आरोपी हाथों में डंडा और पिस्टल लेकर उसे दौड़ाते हुए आये। बताया जाता है कि आरोपियों ने निर्माणाधीन इमारत में भी मुरसलीन को गोली मारी और पिस्टल लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि होटल में खाने को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष मौके से चले गए थे। रविवार शाम करीब पांच बजे अरशल व उसके साथियों ने मुरसलीन को मामले को शांत करने व बातचीत के लिए मुंशीपुलिया चौराहे पर बुलाया था। मामला सुलटाने के लिए मुरसलीन जब वहां पहुंचा तो दोनों पक्षों में फिर से विवाद शुरू हो गया। इसी बीच एसयूवी सवार आरोपियों ने गाड़ियों से असलहा निकाल लिया। यह देखकर मुरसलीन अपनी कार लेकर मौके से भाग निकला। आनन फानन में सभी आरोपियों ने उसका करीब 2 किलोमीटर तक पीछा किया। तेज रफ्तार में वाहन चलाने के साथ ही आरोपी हमलावरों ने भी रास्ते में असलहा लहराते हुए मुरसलीन की कार पर फायरिंग की, जिससे उसकी कार का पिछला शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया। मुरसलीन भाग कर तेजी से अपने चाचा गके होटल के पीछे बानी निर्माणाधीन इमारत में पहुंचा, जहाँ पीछा कर रहे सभी हमलावर पहुंचे और मुरसलीन पर फायर झोंक दिया।