BREAKING: लोनी में दिनदहाड़े रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की गोली मारकर हत्या
बदमाश हुए फरार
New Delhi/Ghaziabad. नई दिल्ली/गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र से शुक्रवार को एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां दिनदहाड़े रिटायर्ड एयरफोर्स कर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात हमलावरों की तलाश में जांच तेज कर दी है। मृतक की पहचान 58 वर्षीय योगेश कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले थे। वर्तमान में वह लोनी थाना क्षेत्र के अशोक विहार इलाके में अपने परिवार के साथ रह रहे थे। योगेश कुमार कुछ महीने पहले ही भारतीय वायु सेवा से असिस्टेंट वारंट ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद वह शांत पारिवारिक जीवन बिता रहे थे, लेकिन शुक्रवार को अचानक हुई इस वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया।
लोनी पुलिस के अनुसार, घटना 26 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 12 बजे की है। योगेश कुमार सहारनपुर रोड की ओर किसी निजी काम से जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और योगेश से बातचीत करने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बातचीत के दौरान ही अचानक एक बदमाश ने तमंचा निकाला और योगेश पर गोली चला दी। गोली लगते ही योगेश सड़क पर गिर पड़े। बदमाशों ने सुनिश्चित किया कि वह संभल न पाएं और इसके बाद तेज रफ्तार में मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और बदमाशों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों हमलावर बाइक लेकर फरार हो चुके थे। स्थानीय लोगों ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल योगेश को अस्पताल ले जाने की तैयारी की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
एसीपी लोनी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पुलिस को दोपहर 12 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि अशोक विहार चौकी क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उन्होंने बताया कि मृतक योगेश कुमार की उम्र 58 वर्ष है और उनकी हत्या अज्ञात बदमाशों द्वारा की गई है। हत्या के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चार विशेष जांच टीमों का गठन किया है। टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर काम कर रही हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और उनके भागने के रास्तों का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
ताकि यह समझा जा सके कि हत्या के पीछे कोई पुरानी रंजिश, लेनदेन या अन्य कारण तो नहीं है। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अशोक विहार और सहारनपुर रोड जैसे व्यस्त इलाके में इस तरह की वारदात ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों में डर और गुस्सा दोनों है। वे पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उनका कहना है कि योगेश कुमार का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह बेहद शांत स्वभाव के व्यक्ति थे। एयरफोर्स से सेवानिवृत्त होने के बाद वह परिवार के साथ समय बिताने और आगे की योजनाएं बनाने में लगे थे। ऐसे में उनकी हत्या क्यों और किसने की, यह सवाल परिवार को अंदर तक झकझोर रहा है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।