BREAKING: अवैध धर्मांतरण रैकेट का पर्दाफाश, मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान कोर्ट में पेश
बड़ी खबर
Agra. आगरा। आगरा पुलिस ने अवैध धर्मांतरण के एक बड़े रैकेट का खुलासा करते हुए इसके मास्टरमाइंड अब्दुल रहमान उर्फ महेंद्र पाल को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। मंगलवार को उसे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच आगरा की सीजीएम कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट परिसर को छावनी में तब्दील कर दिया गया था, जहां चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात रही। पुलिस ने आरोपी की 14 दिन की रिमांड मांगी, लेकिन कोर्ट ने 10 दिन की रिमांड को मंजूरी दी। अब पुलिस इस रैकेट के अन्य सदस्यों, फंडिंग के स्रोत और इसके नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अब्दुल रहमान देशभर में अवैध धर्मांतरण का जाल बुनने में शामिल था। इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें 10 पुरुष और एक महिला शामिल हैं। सभी आरोपियों को 10 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है, और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है, फंडिंग कहां से आ रही थी, और किन लोगों को निशाना बनाया गया।
आगरा पुलिस ने अब्दुल रहमान के कब्जे से हरियाणा की एक अनुसूचित जाति की युवती को भी मुक्त कराया, जिसे कथित तौर पर धर्मांतरण के लिए बंधक बनाया गया था। युवती को कोर्ट में पेश किया गया, जहां उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया और सीआरपीसी की धारा 161 व 164 के तहत बयान दर्ज किए गए। इसके बाद उसे परिजनों को सौंप दिया गया। आगरा पुलिस के लिए यह केस अब केवल एक आपराधिक मामला नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मुद्दा बन चुका है। पुलिस इस रैकेट के तार देश के अन्य हिस्सों से जुड़े होने की आशंका जता रही है और गहन जांच कर रही है। इस मामले में आगे की कार्रवाई और खुलासों पर सभी की नजरें टिकी हैं।