BREAKING: महिला से चेन स्नेचिंग करने वाले 3 लूटेरे गिरफ्तार

बड़ी खबर

Update: 2024-09-09 17:23 GMT
Bhojpur. भोजपुर। भोजपुर के उदवंतनगर थाना क्षेत्र अन्तर्गत आरा-सहार पथ पर देवरिया-पियनिया पुल के बीच एक महिला शिक्षक से छिनतई कर भाग रहे तीन बदमाशों को नागरिकों के सहयोग से पकड़ा गया है। साथ ही छीने गए जेवरात भी बरामद किए गए है। कांड में इस्तेमाल की गई बाइक को भी जब्त कर लिया गया। इसकी जानकारी रविवार काे सदर एएसपी परिचय कुमार ने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता कर दी है। सदर एएसपी ने बताया कि इस मामले में टाउन थाना क्षेत्र के भलुहीपुर मोहल्ला निवासी जाहिद खान, सूरज कुमार और साहिल अब्दुल जलील को गिरफ्तार किया गया है। इसमें पकड़े गए जाहिद की पहले के एक कांड में भी संलिप्तता की
बात सामने आई है।


एएसपी ने बताया कि नारायणपुर थाना क्षेत्र के छपरापुर गांव निवासी महिला शिक्षक रेखा कुमारी अपने पति अजय कुमार के साथ बाइक पर सवार होकर आरा बीआरसी आफिस से शाम के समय घर लौट रही थी। रास्ते में देवरिया-पियनिया पुल के बीच बिना नंबर की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनके गले से सोने का चेन व बाली छीन लिया। पीड़ित महिला शिक्षक ने तुरंत घटना की सूचना डायल-112 टीम को दी। डायल-112 की टीम और आम नागरिकों के सहयोग से छिनतई कर भाग रहे तीनों बदमाशों को धर दबोचा गया। तलाशी लिए जाने पर सोने का टूटा चेन, सोने की बाली और मोबाइल बरामद किया गया। साथ ही कांड में प्रयुक्त बाइक काे जब्त कर लिया गया है। उदवंतनगर थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने बताया कि 24 अगस्त को एक और महिला से सोने का चेन छीना गया था, जिसमें भी जाहिद की संलिप्तता की बात सामने आई है। अन्य कांडों में भी इसके शामिल होने का पता लगाया जा रहा है।
Tags:    

Similar News

-->