BREAKING: देर रात धंसी टनल 18 मजदूर फंसे
कई मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया
Chamoli चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में बड़ा हादसा सामने आया है। यहां THDC की एक टनल में अचानक मलबा गिरने से कई मजदूर अंदर फंस गए। घटना के बाद प्रशासन और राहत बचाव दल ने तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने हादसे की पुष्टि की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार टनल में करीब 18 मजदूर फंस गए थे। राहत अभियान के दौरान अब तक 6 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि करीब 12 मजदूर अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। अंदर फंसे मजदूरों तक पहुंचने और उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। रेस्क्यू टीम मलबा हटाकर टनल के अंदर जाने का रास्ता बनाने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान में किसी भी तरह की लापरवाही न हो, इसके लिए सभी जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। मौके की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और वरिष्ठ अधिकारी पूरे ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
टनल हादसे के बाद मजदूरों के परिजनों में चिंता का माहौल है। प्रशासन की ओर से उन्हें राहत अभियान की जानकारी दी जा रही है। फिलहाल सभी फंसे हुए मजदूरों को सुरक्षित निकालना बचाव टीमों की प्राथमिकता है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है और प्रशासन की ओर से समय-समय पर स्थिति की जानकारी साझा की जा रही है।