ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र ने सेंट्रल जेल नाहन में मनाया Raksha Bandhan

Update: 2024-08-18 12:16 GMT
Nahan. नाहन। ब्रह्माकुमारी सेवा केंद्र द्वारा सेंट्रल जेल नाहन में शुक्रवार को रक्षाबंधन कार्यक्रम मनाया गया। इस अवसर पर सेवाकेंद्र प्रभारी बीके रमा दीदी ने सेंट्रल जेल में उपस्थित सभी भाई-बहनों को रक्षा सूत्र बांधा और उनको रक्षाबंधन की बधाई देते हुए रक्षाबंधन के आध्यात्मिक रहस्य पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह त्योहार पवित्रता और भाईचारे का पर्व है। रक्षाबंधन हम सभी भारतवासियों के लिए एक पावन पर्व है। इस दिन हम बहनें अपने भाई को राखी बांधती हैं। इस शुभ आशा के साथ कि उसका भाई जीवन भर उसकी और उसकी पवित्रता की रक्षा करेगा। उन्होंने कहा कि आज के समय पर पवित्र डोर राखी का महत्व व अर्थ दोनों ही बदल गए हैं। बस साल में एक बार आने वाली रस्म बनकर रह गई है। उन्होंने आगे कहा कि वास्तव में इस पर्व के पीछे केवल शारीरिक रक्षा का सवाल नहीं है, बल्कि संकल्पों के बंधन का भाव भी समाया होता है। बीके दीप शिखा दीदी ने कहा कि रक्षा का अर्थ केवल स्थूल रक्षा से नहीं बल्कि धर्म रक्षा से है, और धर्म है आत्मा का। क्योंकि जब स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागो में आत्मिक बहनों एवं भाइयों कहकर लोगों को संबोधित किया था तब पूरा हाल तालियों की
गडग़ड़ाहट से गूंज उठा था।


टूटती पवित्र सामाजिक तथा पारिवारिक मर्यादाओं को मजबूत करने तथा आतंकवाद और अत्याचार जैसी भीषण मानवी विभीषिका को रोकने के लिए रक्षाबंधन के पर्व को सही अर्थों में मनाने की आवश्यकता है। संसार के रचयिता कल्याणकारी परमपिता परमात्मा के हम आत्माएं सब आपस में भाई-बहन है, क्योंकि आत्मिक रूप में हमारा पिता सिर्फ परमात्मा है। इस नाते से हमारा आपस में भाई-भाई और भाई-बहन का रिश्ता है इसलिए भाषा,भेद, जाति, वर्ण, रंग और धर्म से ऊपर उठकर हमें हर एक को राखी बांधकर बुराइयों से स्वयं की तथा दूसरों की रक्षा का मजबूत संकल्प करना है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन का अर्थ ही है एक दूसरे की पवित्रता व सम्मान की रक्षा करना जो कि केवल तब होगा जब हम सब आत्मिक संबंध जोड़ेंगे। राखी बंधन अर्थात आपस में एक पवित्र प्रेम के बंधन में बंधना। जो हम सबके आत्मिक पिता परमात्मा की बताई हुई शिक्षाओं पर चलकर ही संभव है। आज इस पावन पर्व पर हम सब एक दूसरे को सच्ची-सच्ची राखी बांधकर इस राखी उत्सव के महत्व को बढ़ाते चलें। इस अवसर पर विनोद कुमार ने भी सबको बधाई दी और कहा कि बहनें हमेशा आपके लिए राखी लेकर आती है जो आप सबकी बहनों की कमी को पूरा कर देती हैं, उन्होंने बीके बहनों का धन्यवाद किया। इस मौके पर अमित कुमार, जेल स्टाफ के प्रियंका प्रियंका बहन, महेंद्र सिंह भाई, अनीता टोंक, मंजू, राखी, अदिति व अन्य लोग मौजूद रहे।
Tags:    

Similar News

-->