सांकेतिक तस्वीर

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने परिवार जैसे रिश्ते पर ही सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप एक 70 साल के बुजुर्ग पर है और पीड़िता उस बुजुर्ग की 16 साल की पोती है. आरोप है कि किशोरी के दादा ने करीब तीन महीने तक उसका यौन शोषण किया. मामला तब सामने आया, जब पेट में दर्द की शिकायत के बाद किशोरी को डॉक्टर के पास ले जाया गया. जांच हुई तो पता चला कि वो करीब ढाई महीने की प्रेग्नेंट है.
इसके बाद किशोरी ने पुलिस को पूरी बात बताई. पुलिस ने आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया है. मामला हाथरस के सिकंदराराऊ इलाके का है. पुलिस के मुताबिक, 16 साल की किशोरी की मां की मौत हो चुकी है. वह अपने पिता और दादा के साथ रहती थी.
किशोरी ने पुलिस को बताया कि करीब तीन-चार महीने पहले वह अपने रिश्तेदार के घर से वापस सिकंदराराऊ आई थी. इसके बाद 20 जून को उसके दादा ने कथित तौर पर उसके साथ रेप किया. पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद भी दादा ने उसे नहीं छोड़ा. जब उसके पिता काम के लिए घर से बाहर चले जाते थे और वह घर में अकेली होती थी, तब आरोपी उसके साथ कथित तौर पर यौन शोषण करता था.
शनिवार को किशोरी के पेट में दर्द हुआ. परिवार उसे डॉक्टर के पास लेकर गया. वहां जांच के बाद जो सामने आया, उसने सबको हैरान कर दिया. किशोरी प्रेग्नेंट थी. पुलिस के मुताबिक, उसे जिला अस्पताल भेजा गया. मेडिकल जांच में करीब ढाई महीने की प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई.
इसके बाद पुलिस ने किशोरी का बयान दर्ज किया. उसके बयान के आधार पर उसके 70 साल के दादा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. सर्किल ऑफिसर अमित पाठक ने बताया कि किशोरी का मेडिकल कराया गया है और उसमें प्रेग्नेंसी की पुष्टि हुई है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. अब पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है. किशोरी के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और दूसरे साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
Tags: