अजमेर। जिले के मदनगंज थाना क्षेत्र में एक बॉडी बिल्डर ने हाईवे के साइन बोर्ड पर लटक कर स्टंट किया। यह स्टंट करना उनके लिए भारी पड़ गया है। दरअसल बॉडी बिल्डर ने रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी। वायरल होने के बाद पुलिस ने स्टंटबाज को गिरफ्तार कर लिया। मदनगंज थानाधिकारी नेमीचंद ने बताया कि नेशनल हाईवे-आठ पर नसीराबाद पुलिया पर लगे साइन बोर्ड पर स्टंट करने वाले युवक की पहचान नया गांव निवासी नौरत गुर्जर (20) पुत्र पप्पूलाल गुर्जर के रूप में हुई है। उसको गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार आरोपी चाय की थड़ी लगाता है और उसे बॉडी बिल्डिंग करने का शौक है। ऐसा उसने पॉपुलरिटी पाने के लिए किया है। यह युवक साइन बोर्ड के एंगल पर काफी देर तक लटकता रहा। दरअसल पुलिस का कहना है कि युवक ने हाईवे पर स्टंट कर खुद जान को जोखिम में डाला है। ऐसे में उसकी जान भी जा सकती थी। आपको बता दें कि अजमेर एसपी चूनराम जाट के निर्देश पर जिलेभर में सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। जिस किसी के द्वारा भी सड़क पर या अन्य स्थानों पर स्टट करते हुए वीडियो अपलोड कर रहे हैं या हथियारों के साथ वीडियो और अपलोड कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
Tags: