Raigarh. रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मामूली घरेलू विवाद के बाद पति द्वारा पत्नी की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कापू थाना क्षेत्र के ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी 22 वर्षीय सोमारी पहाड़ी कोरवा की उसके पति सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा (26 वर्ष) ने कथित तौर पर हाथ-मुक्कों और बांस के डंडे से बुरी तरह पिटाई करने के बाद पैर से गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात 15 नवंबर 2026 की रात की है। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतका की मां ने पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार मृतका की मां दिनो बाई पहाड़ी कोरवा, निवासी ग्राम सारुजोबा, थाना सीतापुर, जिला सरगुजा ने 17 नवंबर 2026 को थाना कापू में रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी सोमारी बाई की शादी करीब चार वर्ष पहले ग्राम टेढ़ासेमरा निवासी सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा से हुई थी। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे। 15 नवंबर को पति-पत्नी घरेलू और व्यक्तिगत जरूरतों का सामान खरीदने के लिए कोनपारा विजयपुर गए थे। इसी दौरान लौटते समय दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जो बाद में जानलेवा साबित हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी सत्यनारायण ने बताया कि वह सुबह अपनी पत्नी के साथ सामान खरीदने गया था। सामान खरीदने के बाद दोनों घर लौट रहे थे। रास्ते में दोनों ने शराब पी थी। रात होने तक दोनों नशे की हालत में थे। आरोपी के अनुसार उसकी पत्नी रास्ते में कई स्थानों पर गिर गई थी। कपड़े गीले होने के कारण उसने अपने कपड़े उतार दिए और खेत के पास बैठ गई। सत्यनारायण उसे घर चलने के लिए कहता रहा, लेकिन वह घर जाने को तैयार नहीं हुई। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने गुस्से में आकर पत्नी के साथ पहले हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसके बाद बांस के डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। लगातार मारपीट के कारण सोमारी जमीन पर गिर गई। इसके बावजूद आरोपी नहीं रुका और उसने पैर से पत्नी का गला दबा दिया। गंभीर चोटों और गला दबाए जाने से सोमारी की मौत हो गई।
घटना की शिकायत मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस ने मृतका की मां की रिपोर्ट के आधार पर अपराध क्रमांक 186/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम कोनपारा के बऊराहीपारा में दबिश देकर संदेही सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की। आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल बांस का डंडा भी जब्त किया गया। आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सत्यनारायण पहाड़ी कोरवा, पिता बिरेन साय पहाड़ी कोरवा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम टेढ़ासेमरा, थाना कापू, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले में हत्या की धारा के तहत कार्रवाई की है। इस गंभीर मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन और एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी के सुपरविजन में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। थाना प्रभारी निरीक्षक धर्माराम तिर्की, प्रशिक्षु उप निरीक्षक शिवम कोमरे, प्रधान आरक्षक सोमेश गोस्वामी और अन्य पुलिस कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
घटना को लेकर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा, “घरेलू विवाद और छोटी-छोटी बातों पर आवेश में आकर हिंसा करना किसी भी परिस्थिति में उचित नहीं है। आपसी विवाद कई बार गंभीर अपराधों का कारण बन जाते हैं, जिसका परिणाम पूरे परिवार को भुगतना पड़ता है।” उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि विवाद की स्थिति में संयम और समझदारी से काम लें तथा किसी भी प्रकार की हिंसा होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि महिलाओं के विरुद्ध हिंसा और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में रायगढ़ पुलिस सख्त वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।