Bilaspur. बिलासपुर। जिला विकास कार्यालय बिलासपुर में वीबीजीरामजी योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य योजना से जुड़े सभी विकास खंडों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजना के महत्त्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान कर उन्हें जमीनी स्तर पर बेहतर कार्य करने के लिए सक्षम बनाना है। इस कार्यशाला में जिला के सभी विकास खंडों से आए पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भाग ले रहे हैं। प्रशिक्षण के दौरान योजना के लक्ष्य, पात्रता, प्रक्रिया एवं निगरानी तंत्र पर विस्तृत चर्चा की गई।
यह जानकारी देते हुए जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी यशपाल सिंह परमार ने बताया कि विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबीजीरामजी) सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है। यह योजना गांवों के समग्र विकास की दिशा में काम करेगी और विकसित भारत 2047 के सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से 100 प्रतिशत संतृप्ति के आधार पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिसमे 318 प्रकार के कार्य किए जा सकेंगे जिन्हें मुख्यत चार केटेगरी में बांटा गया है।