बीजेपी के प्रदेश सहप्रभारी संजय टंडन के बोल, राष्ट्र सर्वोपरि, पार्टी उसके बाद
Hamirpur. हमीरपुर। भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने हमीरपुर जिला के प्रशिक्षण शिविर को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय और स्वयं सबसे अंत में’ की भावना के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यही विचार भाजपा की कार्यसंस्कृति की आत्मा है और इसी सिद्धांत ने भाजपा को विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बनाया है। संजय टंडन ने प्रशिक्षण शिविर में उपस्थित कार्यकत्र्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोच्च मानते हुए संगठन की विचारधारा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाएं। वहीं दूसरी और भारतीय जनता पार्टी जिला हमीरपुर के चल रहे जिला प्रशिक्षण वर्ग के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर आयोजित बौद्धिक एवं संगठनात्मक सत्रों में प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, हिमाचल प्रदेश के भाजपा सह-प्रभारी संजय टंडन, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा तथा प्रांत संघचालक वीर सिंह रांगड़ा ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। संजय टंडन ने कार्यकर्ताओं से संगठन की कार्यप्रणाली को आत्मसात करते हुए बूथ स्तर तक सक्रिय रहने, जनता के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने तथा प्रत्येक दायित्व का निष्ठा और जवाबदेही के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया। प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा ने अपने सत्र में भाजपा के कार्य विस्तार एवं संगठन सुदृढ़ीकरण के विभिन्न आयामों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकत्र्ताओं को अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोडऩे, बूथों को मजबूत बनाने तथा समाज के प्रत्येक वर्ग तक पार्टी की नीतियों और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने का आह्वान किया।