भाजपा विधायक बिष्णु पद रे का निधन, पीएम मोदी ने जताया शोक

बड़ी खबर

Update: 2023-07-25 17:15 GMT
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के धूपगुड़ी से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक बिष्णु पद रे का मंगलवार सुबह यहां के एक सरकारी अस्पताल में निधन हो गया। वह 61 वर्ष के थे और कुछ समय से फेफड़ों के संक्रमण से पीड़ित थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य विधानसभा के मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने के लिए कोलकाता पहुंचे रे को बेचैनी की शिकायत के बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के एक वरिष्ठ डॉक्टर ने बताया, ‘‘सोमवार को रे की सर्जरी की गई थी। इसके बाद उनकी तबीयत में थोड़ा सुधार भी हुआ, लेकिन रात में हालत फिर बिगड़ गई और मंगलवार तड़के तीन बजे उनका निधन हो गया।'' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रे के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, ‘‘बिष्णु पद रे जी के असामयिक निधन के बारे में जानकर दुख पहुंचा। वह एक परिश्रमी विधायक थे, जिन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कई प्रयास किए। उन्होंने बंगाल भाजपा को मजबूत करने के लिए भी कड़ी मेहनत की। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदना। ओम शांति।''
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी विधायक के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘जलपाईगुड़ी जिले के धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र के विधायक बिष्णु पद रे के निधन से गहरा दुख हुआ है। रे के परिजन, मित्रों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।'' विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रे के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उनके परिवार के सदस्यों, मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदना व्यक्त की। शुभेंदु ने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने सहयोगी और धूपगुड़ी से विधायक बिष्णु पद रे के असामयिक निधन से बेहद दुखी हूं। उन्हें दिल की बीमारी के कारण पीजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बंगाल भाजपा विधायक दल की ओर से मैं उनके परिवार और दोस्तों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति।'' सूत्रों ने बताया कि रे के पार्थिव शरीर को विधानसभा ले जाया जाएगा जहां विधायकों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
Tags:    

Similar News

-->