गुजरात में बीजेपी विधायक दल की बैठक आज

Update: 2022-12-10 01:58 GMT

गुजरात। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 12 दिसंबर को गुजरात में लगातार सातवीं बार सरकार बनाने के लिए तैयार है। भूपेंद्र पटेल 20 अन्य कैबिनेट मंत्रियों के साथ दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। गुजरात की 182 विधानसभा सीट में से 156 सीट पर विजय हासिल करके भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।

भाजपा ने गुजरात विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद अपनी नई सरकार के गठन से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को राज्यपाल आचार्य देवव्रत को अपना इस्तीफा सौंप दिया। सीएम पटेल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल, गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री ऋषिकेश पटेल, गुजरात के मुख्य सचेतक पंकज देसाई के साथ शुक्रवार दोपहर 12 बजे के करीब सरकार का इस्तीफा देने राजभवन पहुंचे थे। राज्यपाल ने सरकार का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।

विधायक दल के नेता को चुनने के लिए भाजपा आज सुबह 10:30 बजे गांधीनगर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय 'कमलम' में अपने नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक करने वाली है, जिसके बाद नेता दोपहर करीब 2 बजे राज्यपाल से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा। विधायक दल का नेता ही अगला मुख्यमंत्री बनेगा और पटेल का फिर से मुख्यमंत्री बनना तय माना जा रहा है।

Tags:    

Similar News