उधार की भीड़ बुलाकर लोगों को गुमराह कर रही भाजपा

Update: 2024-05-16 11:28 GMT
धर्मशाला। धर्मशाला से कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी ने भाजपा नेता सुधीर शर्मा पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया है। जग्गी ने कहा कि भाजपा नेता को अपनी रैली को कामयाब बनाने के लिए उधार की भीड़ जुटानी पड़ी है। फिर भी पंडाल को भर नहीं पाए। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति धर्मशाला के लोगों के वोट लेकर उनसे धोखा कर सकता है, उससे विकास की उम्मीद करना बेमानी है। सुधीर शर्मा ने आज तक सिर्फ अपना निजी हित ही देखा है। धर्मशाला से भेदभाव के आरोप पर जग्गी ने कहा कि प्रदेश के सीएम सुक्खू ने कांगड़ा को टूरिज्म कैपिटल बनाने का संकल्प लिया है, जो कांगड़ा के लिए उनके लगाव को दर्शाता है। इसके अलावा ढग्वार मिल्क प्लांट, यूनिटी माल, आईटी पार्क जैसे कई सौगातें सीएम सुक्खू ने दी हैं।

लेकिन सुधीर शर्मा लोगों को गुमराह कर रहे हैं। असल बात यह है कि सुधीर शर्मा को मंत्री पद न मिलने का बड़ा सदमा लगा था और इसी के चलते उन्होंने भाजपा के साथ मिलकर छल-कपट की राजनीति कर प्रदेश सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल की देवभूमि में छल-कपट की राजनीति चलने वाली नहीं है। इसलिए धर्मशाला के लोग भी भाजपा के नापाक इरादों को भांप चुकी है और आने वाले चुनावों में सबक सिखाने को तैयार बैठी है। हिमाचल के विधानसभा उपचुनावों और लोकसभा की चारों सीटों पर कांग्रेस प्रत्याशी विजय पताका फहराएंगे। अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र जग्गी ने ढग्वार, धर्मकोट, भागसू में नुक्कड़ सभा कर लोगों से वोट की अपील की। इस दौरान उन्होंने लोगों को प्रदेश सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से अवगत करवाया। इस मौके पर लोगों ने देवेंद्र जग्गी का जोरदार स्वागत किया।
Tags:    

Similar News

-->