मातृ श्राप से बचने के लिए झूठ बोल रही है भाजपा

Update: 2024-04-28 09:38 GMT
शिमला। बागबानी एवं राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर आरोप लगाया है कि वह मातृ श्राप से बचने के लिए अब झूठ बोल रही है कि उन्होंने महिला सम्मान निधि का विरोध नहीं किया है। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने नेताओं के साथ चुनाव अधिकारी के पास गए और उन्हें लिखित तौर पर इस प्रक्रिया को रोकने का दबाव बनाया। भाजपा झूठ बोलने में माहिर है। जगत सिंह नेगी ने शिमला कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार ने महिलाओं को 1500 रुपए देने की योजना को फरवरी 2024 को काजा में प्रथम चरण में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने स्पीति की महिलाओं को इसे जारी किया था। शेष हिमाचल में पात्र महिलाओं से इसके फॉर्म भरने की प्रक्रिया को भाजपा ने रोकने का प्रयास किया। प्रदेश सरकार ने चुनाव आयोग से इस बारे अपनी स्थिति स्पष्ट की तो चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया को जारी रखने की अनुमति सरकार को दी है।

इसलिए प्रदेश की सभी पात्र महिलाएं अपने फार्म कल्याण अधिकारी के पास जमा करवा सकती है। श्री नेगी ने कहा कि भाजपा मुद्दों पर कोई बात नहीं करती। कांग्रेस के घोषणा पत्र पर भाजपा लोगों को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है। कांग्रेस सरकार ने कभी कोई भी लोगों पर अनाधिकृत टैक्स नहीं थोपा। साल 1985 में विरासत टैक्स को निरस्त किया गया था क्योंकि इस टैक्स से आमदनी कम और खर्चा अधिक था। साल 2016 में केंद्र की भाजपा सरकार ने अपने धना सेठों को लाभ देने के लिए वेल्थ टेक्स, संपत्ति कर निरस्त कर दिया। भाजपा टैक्स के नाम पर भी लोगों को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। जगत सिंह नेगी ने भाजपा पर राजनीति का स्तर गिराने का आरोप लगाते हुए इस पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के भाजपा नेताओं ने प्रदेश की स्वछ राजनीति को शर्मसार किया है इसे अब उसे इसका फल चुनावों में भुगतान पड़ेगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश की चारों लोकसभा व छह विधानसभा उप चुनावों में अपनी जीत का परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार पूरी तरह स्थिर और मजबूत है और चार जून के बाद और भी मजबूत होगी।
Tags:    

Similar News