BJP हाईकमान ने स्वीकार किया अन्नामलाई का इस्तीफा
BJP नेतृत्व ने इस्तीफे के बाद अभी नहीं दी विस्तृत प्रतिक्रिया
Tamil Nadu तमिलनाडु: बीजेपी की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई का पार्टी से इस्तीफा बीजेपी हाईकमान ने स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही उनके छह साल लंबे राजनीतिक सफर का पार्टी के साथ औपचारिक रूप से अंत हो गया है।
सूत्रों के अनुसार, के. अन्नामलाई ने हाल ही में नई दिल्ली में पार्टी नेतृत्व को अपना इस्तीफा सौंपा था। इस दौरान उन्होंने संगठन की चुनावी रणनीति, गठबंधन नीति और हालिया चुनावी प्रदर्शन को लेकर विस्तार से अपनी राय भी रखी थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने पार्टी के वोट शेयर में आई गिरावट पर भी चिंता जताई थी।
अन्नामलाई पूर्व आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं और तमिलनाडु में बीजेपी के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं। उनके नेतृत्व में पार्टी ने राज्य में संगठन विस्तार और जनसंपर्क बढ़ाने के कई प्रयास किए थे। इस्तीफे के बाद अब उनकी अगली राजनीतिक रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
राजनीतिक हलकों में यह भी अटकलें लगाई जा रही हैं कि उनकी लोकप्रियता को देखते हुए वे भविष्य में किसी नए राजनीतिक दल या आंदोलन की दिशा में कदम बढ़ा सकते हैं, हालांकि इस पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पार्टी की ओर से अभी इस बदलाव को लेकर विस्तृत प्रतिक्रिया नहीं दी गई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में तमिलनाडु बीजेपी संगठन में बड़े पुनर्गठन की प्रक्रिया देखने को मिल सकती है।