Nalagarh. नालागढ़। नगर परिषद नालागढ़ की सत्ता पर मंगलवार को भाजपा ने औपचारिक रूप से कब्जा जमा लिया। अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में भाजपा समर्थित अलका बधवार अध्यक्ष तथा राजेश कुमार उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए। परिषद में भाजपा के स्पष्ट बहुमत के चलते दोनों पदों पर किसी अन्य उम्मीदवार ने दावेदारी पेश नहीं की, जिसके कारण चुनाव निर्विरोध संपन्न हो गया। चुनाव प्रक्रिया एसडीएम एवं पीठासीन अधिकारी नरेंद्र आहलूवालिया की अध्यक्षता में नगर परिषद कार्यालय में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। बैठक में नगर परिषद के सभी नौ निर्वाचित पार्षद उपस्थित रहे। परिषद में भाजपा समर्थित सात पार्षदों का स्पष्ट
बहुमत रहा।


जबकि कांग्रेस समर्थित एक पार्षद और एक निर्दलीय पार्षद भी बैठक में मौजूद रहे। अध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर-7 के पार्षद राजेश कुमार ने वार्ड नंबर-8 की पार्षद अलका बधवार के नाम का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का वार्ड नंबर-3 के पार्षद पवन कुमार ने समर्थन किया। निर्धारित समय तक कोई अन्य नामांकन दाखिल नहीं होने पर पीठासीन अधिकारी ने अलका बधवार को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित कर दिया। इसके बाद उपाध्यक्ष पद के लिए वार्ड नंबर-6 की पार्षद चंपा देवी ने वार्ड नंबर-7 के पार्षद राजेश कुमार के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका वार्ड नंबर-2 के पार्षद मोनी ने समर्थन किया। इस पद के लिए भी कोई अन्य प्रत्याशी सामने नहीं आया, जिसके चलते राजेश कुमार को सर्वसम्मति से नगर परिषद का उपाध्यक्ष घोषित किया गया। नगर परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव में भाजपा ने न केवल अपना बहुमत साबित किया, बल्कि संगठनात्मक एकजुटता का भी प्रदर्शन किया।
Tags: