नगर निगम पर भाजपा का कब्जा, शमशेर नैहरिया को मेयर की कुर्सी, प्रेरणा गुलेरिया डिप्टी मेयर

Update: 2026-07-02 10:31 GMT
Hospice. धर्मशाला। स्मार्ट सिटी धर्मशाला की शहरी सरकार को बुधवार को अपना नया नेतृत्व मिल गया। धर्मशाला स्थित मिनी सचिवालय में शांतिपूर्ण और सर्वसम्मति से संपन्न हुए चुनाव में वार्ड-2 (भागसूनाग) के पार्षद शमशेर नेहरिया को नगर निगम का नया महापौर (मेयर) और वार्ड-8 (खेल परिसर) की पार्षद प्रेरणा गुलेरिया को उपमहापौर (डिप्टी मेयर) चुन लिया गया है। इस निर्विरोध निर्वाचन के साथ ही नगर निगम पर भाजपा समर्थित पार्षदों का कब्जा पूरी तरह से स्थापित हो गया है। चुनाव प्रक्रिया के विधिवत पूरा होने के तुरंत बाद कांगड़ा के उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी हेमराज बैरवा ने नवनिर्वाचित महापौर शमशेर नेहरिया और उपमहापौर प्रेरणा गुलेरिया को उनके पद एवं गोपनीयता की
शपथ दिलाई।

इस महत्त्वपूर्ण चुनावी प्रक्रिया और शपथ ग्रहण समारोह में धर्मशाला के विधायक एवं पदेन पार्षद सुधीर शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। गौरतलब है कि नगर निगम में भाजपा के 11 पार्षद चुनकर आए थे। इस चुनाव की एक और अहम बात यह रही कि इसमें शामिल हुए एक निर्दलीय पार्षद ने भी भाजपा का साथ दिया और उपमहापौर पद के लिए प्रेरणा गुलेरिया के नाम के प्रस्तावक बने। इसके चलते बिना किसी विरोध के दोनों महत्त्वपूर्ण पदों पर भाजपा समर्थित पार्षदों का बैठना तय हो गया। नई जिम्मेदारी मिलने के बाद शहर के विकास कार्यों को तुरंत गति देने के उद्देश्य से नवनिर्वाचित महापौर शमशेर नेहरिया और उपमहापौर प्रेरणा गुलेरिया ने बुधवार को ही सुधीर शर्मा के साथ नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपना आधिकारिक कार्यभार भी संभाल लिया।
Tags:    

Similar News