Hyderabad. हैदराबाद। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शुक्रवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। एअर इंडिया की हैदराबाद से मुंबई जाने वाली फ्लाइट में तकनीकी खराबी सामने आने के बाद पायलट की सूझबूझ से विमान को रनवे पर ही रोक दिया गया, जिससे संभावित दुर्घटना टल गई और विमान में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहे। यह घटना 21 जून 2025 (शुक्रवार) को उस समय हुई जब एअर इंडिया का विमान टेकऑफ की प्रक्रिया में था। रनवे पर तेज
रफ्तार
में दौड़ते विमान में अचानक तकनीकी खराबी की जानकारी पायलट को मिली। पायलट ने बिना देर किए आपात ब्रेक लगाकर विमान को रोक दिया और एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इसकी सूचना दी। एअर इंडिया के अधिकारियों के अनुसार, पायलट की यह तत्पर और निर्णायक कार्रवाई यात्रियों की जान बचाने में महत्वपूर्ण रही। तकनीकी टीम ने तुरंत विमान की जांच शुरू कर दी।


यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई, जिससे सभी यात्रियों को सुरक्षित मुंबई रवाना किया गया। गौरतलब है कि इससे पहले 12 जून 2025 को एअर इंडिया की एक अन्य अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट में बड़ा हादसा हो चुका है। यह विमान अहमदाबाद से लंदन जा रहा था और उड़ान भरने के कुछ देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस भीषण हादसे में विमान में सवार 242 यात्रियों में से 241 की मौत हो गई थी, और साथ ही बीजे मेडिकल कॉलेज के 22 लोग भी इस हादसे का शिकार हो गए थे। इस हादसे की यादें अभी
देशवासियों
के मन से पूरी तरह निकली भी नहीं थीं कि हैदराबाद हवाई अड्डे पर हुआ यह ताजा मामला फिर से एविएशन सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा गया है। हालांकि इस बार सतर्कता और त्वरित निर्णय ने एक और बड़ी त्रासदी को टाल दिया। घटना की सूचना के बाद नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एअर इंडिया और एयरपोर्ट प्रशासन से इस पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। वहीं, यात्रियों ने भी एअर इंडिया और पायलट की समझदारी और त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना की है।
Tags: