New Delhi. नई दिल्ली। दिल्ली में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है. आईएएस मधु रानी तेवतिया को मुख्यमंत्री रेखा की सचिव नियुक्त किया गया है. वहीं, आईएएस संदीप कुमार सिंह और आईएएस रवि झा सीएम रेखा गुप्ता के स्पेशल सेक्रेटरी होंगे. गुरुवार देर रात इन नियुक्तियों के बारे में मीडिया को जानकारी मिली. बता दें कि विधानसभा चुनाव 2025 में धमाकेदार जीत दर्ज करने के बाद बीजेपी ने 27 साल बाद दिल्ली में सरकार बनाई है. बीजेपी शीर्ष नेतृत्व ने रेखा गुप्ता को दिल्ली मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी दी है.

दिल्ली में कुछ अन्य प्रशासनिक बदलाव भी हुए हैं. आईएएस अजीमुल हक को दिल्ली वक्फ बोर्ड का सीईओ और आईएएस सचिन राणा को एडिशनल इलेक्टोरल ऑफिसर नियुक्त किया गया है. साथ ही उन्हें दिल्ली जल बोर्ड के सदस्य का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है. वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने गुरुवार को दिल्ली विधानसभा में डिप्टी स्पीकर के रूप में मोहन सिंह के बिस्ट के नाम का प्रस्ताव सदन के समक्ष रखा. मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस प्रस्ताव का समर्थन किया. इसके बाद सदन में प्रस्ताव पास हो गया. इस तरह मोहन सिंह बिस्ट दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर चुने गए. उन्होंने अपना पदभार भी संभाल लिया.
Tags: