Kolkata कोलकाता। दुर्गा पूजा को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा है कि इस वर्ष महाअष्टमी के दिन राज्य में शराब की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इस दौरान शराब की दुकानें और बार बंद रखे जाएंगे। इसके अलावा कम बजट वाली दुर्गा पूजा समितियों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता और मुफ्त बिजली उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाअष्टमी दुर्गा पूजा का बेहद महत्वपूर्ण और पवित्र दिन है। इस दिन श्रद्धालु मां दुर्गा को पुष्पांजलि अर्पित करते हैं। इसी धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए महाअष्टमी पर शराब की बिक्री नहीं होगी। सरकार के फैसले के तहत पूरे राज्य में शराब की दुकानों के साथ बार भी बंद रखने होंगे। दुर्गा पूजा समितियों को राहत देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कम बजट में पूजा आयोजित करने वाली समितियों को सरकार एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इसके साथ ही पूजा आयोजनों के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। पूजा पंडालों के लिए फायर सेफ्टी लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा, लेकिन इसके लिए आयोजकों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने आर्थिक रूप से सक्षम और बड़े बजट वाली पूजा समितियों से सरकारी सहायता नहीं लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य मुख्य रूप से उन समितियों की मदद करना है, जिनके पास सीमित संसाधन हैं और अतिरिक्त आर्थिक सहायता के बिना बड़े स्तर पर दुर्गा पूजा आयोजित करना मुश्किल होता है। उन्होंने सक्षम समितियों से स्वेच्छा से सरकारी अनुदान छोड़ने को कहा। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का विशेष ध्यान रखने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की प्रतिमा, पंडाल, थीम या सजावट में ऐसा कोई प्रयोग नहीं किया जाना चाहिए, जिससे लोगों की धार्मिक भावनाओं या सांस्कृतिक विरासत को ठेस पहुंचे। पूजा आयोजन में परंपरा और धार्मिक आस्था का सम्मान प्राथमिकता में होना चाहिए।
इसके अलावा दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन जुलूसों में डीजे बजाने की अनुमति नहीं देने की बात कही गई है। मुख्यमंत्री ने पूजा समितियों से निर्धारित समय के भीतर प्रतिमाओं का विसर्जन पूरा करने की अपील की है, ताकि आगामी लक्ष्मी पूजा की तैयारियों में किसी तरह की बाधा न आए। सरकार की इन घोषणाओं में धार्मिक परंपराओं के पालन के साथ छोटी पूजा समितियों को आर्थिक राहत देने पर जोर दिया गया है। महाअष्टमी पर शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध, मुफ्त बिजली और एक लाख रुपये की सहायता जैसे फैसलों का सीधा असर राज्य की बड़ी संख्या में दुर्गा पूजा समितियों और आयोजनों पर पड़ेगा।
Tags: