Delhi दिल्ली: बांग्लादेश के चटगांव शहर में स्थित भारतीय सहायक उच्चायोग में एक भारतीय प्रोटोकॉल/सिक्योरिटी ऑफिसर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया है। मृतक की पहचान नरेन धर (कुछ रिपोर्टों में नरेंद्र) के रूप में हुई है, जो हरियाणा के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह उच्चायोग के कर्मचारियों ने देखा कि अधिकारी अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोल रहे थे। पहले आंतरिक स्तर पर दरवाजा खोलने का प्रयास किया गया, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर स्थानीय पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे से शव बरामद किया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए चटगांव मेडिकल कॉलेज (CMC) अस्पताल के मुर्दाघर में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे शव बरामद किया गया।
चटगांव सिटी पुलिस के असिस्टेंट कमिश्नर अमीनुर राशिद ने बताया कि मृतक भारतीय सहायक उच्चायोग में प्रोटोकॉल ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन और भारतीय उच्चायोग के अधिकारी घटना की हर पहलू से जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर इसे संदिग्ध मौत माना जा रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। इस घटना के बाद उच्चायोग परिसर में सुरक्षा और आंतरिक परिस्थितियों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई है।
Tags: