कोलकाता: पश्चिम बंगाल के हुगली में TMC विधायक कुणाल घोष की कार पर हमले की खबर सामने आई है. घटना उत्तरपाड़ा इलाके में उस समय हुई, जब घोष श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की जनसभा में शामिल होने जा रहे थे. जानकारी के मुताबिक, रास्ते में कुछ लोगों ने कुणाल घोष की कार को घेर लिया और उन्हें काले झंडे दिखाए. इस दौरान कार पर अंडे भी फेंके गए. हमले में गाड़ी के पीछे का शीशा टूट गया. हालांकि इस घटना में कुणाल घोष को चोट लगने की जानकारी सामने नहीं आई है.
कुणाल घोष पश्चिम बंगाल की बेलियाघाटा विधानसभा सीट से TMC विधायक हैं और पार्टी के प्रमुख प्रवक्ताओं में शामिल हैं. कार पर हमला करने और उसे घेरने वाले लोग कौन थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है. हमलावरों की पहचान को लेकर भी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. मामले में पुलिस की कार्रवाई के साथ ही कुणाल घोष और TMC की विस्तृत प्रतिक्रिया का इंतजार है.
इस घटना का वीडियो भी सामने आया है. इसमें दिख रहा है कि कुणाल घोष अपनी कार से जा रहे हैं. रास्ते में उनकी कार को काले झंडे लिए कुछ लोगों का ग्रुप घेर लेता है. वह कार के बोनट और शीशे पर हाथ पटकते दिख रहे हैं, तो वहीं कुछ लोग काले झंडे लहराते हुए नारेबाजी करते दिख रहे हैं.
इसके बाद उग्र लोग कार पर लगातार पत्थर और अंडे बरसाने लगते हैं. इसमें उनकी कार के पीछे का शीशा टूट जाता है.