मानसून सत्र से पहले दिल्ली जाएंगे विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया

Update: 2023-09-09 09:55 GMT
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र से पहले विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया दिल्ली जाएंगे। उनका वहां पर 11 सितम्बर को लोकसभा सचिवालय के सीपीए सैल की तरफ से आयोजित पीठासीन अधिकारियों की ब्रीफिंग बैठक में भाग लेने का कार्यक्रम है। विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष के सचिव प्रकाश ठाकुर भी इस आयोजन में भाग लेंगे। उसके बाद वह शिमला लौट आएंगे और विधानसभा के 18 सितम्बर से शुरू होने वाले मानसून सत्र की तैयारियों में जुट जाएंगे। बाद में जब विधानसभा का मानसून सत्र समाप्त होगा तो उसके बाद उनका अफ्रीकी महाद्वीप घाना में आयोजित 66वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन (सीपीसी) में भाग लेने का कार्यक्रम है। यह सम्मेलन 30 सितम्बर से 6 अक्तूबर तक आयोजित किया जाएगा।
मानसून सत्र के बाद जब विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया घाना जाएंगे तो वहां पर देश की पहली ई-विधानसभा (पेपरलैस) शिमला के बारे में जानकारी देंगे। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश की विधानसभा को देखने के लिए देश-विदेश के निर्वाचित प्रतिनिधि यहां आते हैं। विधानसभा का यह भवन ऐतिहासिक भी है, जिसके चलते इसका अपना ही महत्व है। ऐसे में जब भी प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष देश या विदेश के दौरे पर किसी कार्यक्रम में भाग लेते हैं तो उसमें यहां की ई-विधानसभा का उल्लेख हमेशा आता है। इसका अनुसरण अब देश की अन्य विधानसभाएं भी कर रही हैं, जिसके लिए विशेष तौर पर प्रशिक्षण दिया जाता है।
Tags:    

Similar News