Shimla. शिमला। हिमाचल विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया 85वें अखिल भारतीय पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेने बिहार की राजधानी पटना पहुंच गए हैं। श्री पठानिया सम्मेलन में भाग लेने के लिए 16 जनवरी को चंबा से अमृतसर होते हुए वायु मार्ग से दिल्ली पहुंच गए थे। दो दिन दिल्ली में निजी कारणों और कुछ महत्त्वपूर्ण लोगों से मुलाकात के बाद पठानिया रविवार शाम करीब चार बजे दिल्ली से पटना पहुंचे। श्री पठानिया 20 और 21 जनवरी को पटना में आयोजित होने वाले पीठासीन अधिकारियों के सम्मेलन में भाग लेंगे। कुलदीप पठानिया राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत क्षेत्र के नॉर्थ जोन के सात राज्यों के संयोजक भी हैं।
इसमें हिमाचल प्रदेश के अलावा हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, मध्य प्रदेश और गुजरात शामिल हैं। सम्मेलन में राज्य विधानमंडलों के पीठासीन अधिकारी भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में विधान परिषदों वाले राज्यों के चेयरमैन और उपाध्यक्ष भी भाग ले रहे हैं। इसके अलावा केंद्र शासित प्रदेशों के पीठासीन और उपपीठासीन अधिकारी भी भाग ले रहे हैं। 19 जनवरी को सभी राज्यों विधानमंडलों के सचिवों का भी सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा ने भी भाग लिया। इस सम्मेलन में लोक सभा अध्यक्ष और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ भारत के चेयरमैन ओम बिरला, राज्यसभा के उपसभापति डा. हरिवंश और लोकसभा और राज्यसभा के महासचिव भी शामिल होंगे। सम्मेलन में विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और विधानसभा सचिव यशपाल शर्मा भी शामिल हैं।