सैलरी के लिए गरजीं आशा वर्कर्ज

Update: 2026-07-10 11:18 GMT
रोहड़ू। अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर आशा कार्यकर्ता संघ (बीएमएस) से संबद्ध रोहड़ू, टिक्कर, जुब्बल, कोटखाई और चिडग़ांव ब्लॉक की सैकड़ों आशा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को रोहड़ू में प्रदर्शन किया। भारी बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए रैली निकाली। इसके बाद एसडीएम रोहड़ू के माध्यम से प्रधानमंत्री, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। प्रदर्शन से पहले आयोजित बैठक की अध्यक्षता आशा कार्यकर्ता संघ जिला शिमला की प्रधान पुष्पा मान्टा ने की। बैठक में प्रदेश सचिव विजय लक्ष्मी, टिक्कर खंड की प्रधान अनिता शर्मा तथा जिला पदाधिकारी सुंदर बाला ने भी आशा कार्यकर्ताओं की समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तरी क्षेत्र प्रभारी विपन डोगरा तथा हिमाचल प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ के प्रदेश संगठन मंत्री बृज लाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रधान पुष्पा मान्टा और प्रदेश सचिव विजय लक्ष्मी ने कहा कि वर्ष 2007 से आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, परिवार कल्याण कार्यक्रमों तथा विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियानों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। इसके बावजूद उन्हें न तो उनके कार्य के अनुरूप मानदेय मिल रहा है और न ही सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। विशेष अतिथि ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं की सभी मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं और कर्मचारी संगठन उनके संघर्ष के साथ खड़े हैं।
Tags:    

Similar News