डाक्टरों की हड़ताल खत्म होते ही अस्पतालों में जुटी मरीजों की भीड़

Update: 2024-08-22 11:47 GMT
Solan. सोलन। सोलन में चार दिनों से चल रही डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने से मरीजों ने राहत की सांस ली है। हड़ताल खत्म होने के बाद पहले की तरह उपचार होना शुरू हो गया, जिससे मरीजों सहित तीमारदारों ने राहत महसूस की। बुधवार को क्षेत्रीय अस्पताल में सुबह से ही मरीज उपचार करवाने के लिए पहुंचे रहे। अस्पताल के पर्ची काउंटर, फीस काउंटर, ओपीडी सहित दवा काउंटर के बाहर मरीजों की भारी भीड़ दिखाई दी। हालांकि डॉक्टरों की हड़ताल के दौरान इर्मेजेंसी में मरीजों को उपचार दिया जा रहा था। इसी के साथ ओटी भी खुली थी। लेकिन हड़ताल के कारण अस्पताल में मरीजों की संख्या भी कम थी। वहीं अस्पताल में पूरी तरह से सन्नाटा छा गया था। कोलकाता में प्रशिक्षु महिला डा. के साथ दुष्कर्म और मर्डर के बाद डॉक्टरों में रोष उत्पन्न हो गया था। क्षेत्रीय अस्पताल में सभी डॉक्टरों के साथ पैरामेडिकल स्टाफ भी हड़ताल पर चले गए थे।

डॉक्टरों ने अस्पताल से लेकर मालरोड और पुराने उपायुक्त कार्यालय तक रोष प्रदर्शन कर न्याय और डॉक्टरों की सुरक्षा की मांग उठाई थी। यही नहीं रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी सोलन में रोष रैली निकाली थी। डॉक्टरों की हड़ताल जिलाभर में थी, जिसके कारण सरकारी अस्पतालों मे ओपीडी बंद रखी गई थी। इससे कहीं न कहीं मरीजों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन अब हड़ताल खत्म होने से अस्पताल में भारी संख्या में मरीज पहुंचते रहे। सोलन का क्षेत्रीय अस्पताल बड़ा होने के कारण सोलन ही नहीं शिमला, सिरमौर के मरीज भी उपचार करवाने के लिए भारी संख्या में पहुंचते हैं। हड़ताल खत्म होने से अस्पताल में पहले की तरह मरीजों का आना जाना लगा रहा। डॉक्टरों द्वारा सुझाए गए टेस्ट करवाने के लिए सरकारी लैब में मरीजों की लंबी कतार लगी रही। उधर, क्षेत्रीय अस्पताल के एमएस डा. संदीप जैन ने बताया कि डॉक्टरों की हड़ताल खत्म होने से ओपीडी में मरीजों को पहले की तरह उपचार मिलता रहा। उन्होंने बताया कि पहले डॉक्टरों की हड़ताल से मरीजों को इर्मेजेंसी में उपचार मिलता रहा है।
Tags:    

Similar News

-->