Paonta Sahib. पांवटा साहिब। ऑपरेशन सिंदूर में अदम्य साहस और पराक्रम दिखाने वाले देश के वीर बहादुर जवानों के सम्मान व वीर जवानों की शौर्य की गौरव गाथा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पांवटा साहिब में तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। यात्रा की अगवाई पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने की। इस दौरान प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल, पांवटा साहिब विधायक सुखराम चौधरी भी मौजूद रहे। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पहलगाम में पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवादियों ने बेकसूर नागरिकों की निर्मम हत्या कर भारत को चुनौती दी, मगर ऑपरेशन सिंदूर से भारत ने एक बार फिर दिखा दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हमारी सेना भारत विरोधी गतिविधियों का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और दुनिया को भी संदेश दिया कि हम छेड़ेंगे नहीं, लेकिन छेडऩे वालों को छोड़ेंगे नहीं। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान वालों कान खोल कर सुन लो, अगली बार भारत पर आतंकी हमला करने की जुर्रत की तो पाकिस्तान में ना कोई जनाजा उठाने वाला मिलेगा, ना उन जनाजों पर रोने वाला मिलेगा। भारतीय सेना किसी भी समय उकसावे भरी हरकत के जवाब में पाकिस्तान में घुसकर मुंहतोड़ जवाब देने के लिए तैयार है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि पाकिस्तान की हिमाकत का हमारे थल, वायु व नौसेना के बहादुर जवानों ने मजबूती के साथ जवाब दिया।