विकास करवाने में नाकाम रहे अनुराग ठाकुर

Update: 2024-05-08 11:28 GMT
घुमारवीं। हमीरपुर संसदीय चुनाव क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने कहा है कि अनुराग ठाकुर अभी तक अपने दम पर कोई भी चुनाव नहीं जीत पाए हैं। उन्होंने कहा कि कभी पिता प्रेम कुमार धूमल के नाम पर तो कभी नरेंद्र मोदी के नाम पर अनुराग ठाकुर चुनाव जीते हैं। साथ ही हमीरपुर संसदीय चुनाव क्षेत्र में कोई विकास अनुराग ठाकुर नहीं करवा पाए हैं। जिसका जवाब चुनावों में जनता देगी। मंगलवार को कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र व झंडूता विधानसभा क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घुमारवीं में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजना धीमान सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान सतपाल रायजादा ने कहा कि अनुराग ठाकुर का हमीरपुर चुनाव क्षेत्र के विकास में कोई योगदान नहीं रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र में मंत्री होने के बावजूद भी अनुराग ठाकुर प्रदेश के हितों की पैरवी नहीं कर पाए हैं। यहां तक कि प्रदेश में आई आपदा के दौरान भी अनुराग ठाकुर पूरी तरह से असफल साबित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर प्रदेश मुख्यमंत्री ने अपने महज डेढ़ साल के कार्यकाल में आम जनता के हितों में निर्णय लिए। वहीं, साथ ही कर्मचारियों को पुरानी पेंशन की सुविधा दी। उन्होंने कहा कि उन्हें हाईकमान की ओर से जो जिम्मेदारी दी गई है, उस पर वह खरा उतरेंगे। उधर, झंडूता में झंडूता ब्लाक कांग्रेस की बैठक में कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा ने शिरकत की। इस दौरान मंत्री राजेश धर्माणी भी विशेष तौर पर उपस्थित रहे। प्रदेश कांग्रेस महासचिव विवेक कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सतीश चंदेल, पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनेंद्र सिंह चंदेल, चेयरमैन रणदीप कश्यप, महिला कांग्रेस अध्यक्ष निरंजना नड्डा, राज्य सहकारी बैंक के निदेशक सुनील शर्मा, जिला परिषद सदस्य प्रोमिला बसु, चैन सिंह, राकेश मैहता, बीडीसी रणवीर सिंह, सर्वजीत सिंह, सीता राम नेगी, कपिल गौतम, दलीप धीमान, कर्मचंद शास्त्री सहित अन्य मौजूद रहे। रायजादा ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने जहां विकास कार्य करवाए हैं। वहीं, केंद्र की भाजपा सरकार ने प्रदेश के हितों की अनदेखी ही की है। प्रदेश के भाजपा नेता भी केंद्र में प्रदेश के हितों की पैरवी करने में पूरी तरह से असफल ही साबित हुए हैं। जनता लोकसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
Tags:    

Similar News