स्कूल में 8 साल के छात्र ने 6 साल की बच्ची को पीटा, प्रशासन की लापरवाही पर FIR दर्ज
स्कूल में मासूम बच्ची से मारपीट
पंचकूला। हरियाणा के पंचकूला में एक सरकारी स्कूल में छह वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। सेक्टर-20 स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 28 अक्टूबर को आठ वर्षीय छात्र द्वारा छह साल की बच्ची के साथ मारपीट किए जाने की घटना सामने आई थी। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आने के बाद संबंधित अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पंचकूला की डीसीपी अदिति सिंह ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि घायल छात्रा का इलाज चंडीगढ़ के पीजीआई में चल रहा है। राहत की बात यह है कि बच्ची फिलहाल खतरे से बाहर है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
डीसीपी के मुताबिक, घटना में शामिल छात्र की उम्र महज आठ वर्ष है। ऐसे में मामले को संवेदनशीलता के साथ किशोर न्याय से जुड़े कानूनी प्रावधानों के अनुरूप देखा जा रहा है। बच्चे का विशेषज्ञों से मनोवैज्ञानिक मूल्यांकन कराया जा रहा है, ताकि उसके व्यवहार और घटना से जुड़ी परिस्थितियों को समझा जा सके।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि विशेषज्ञों की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। इस दौरान बच्चे की उम्र और कानूनी अधिकारों का भी ध्यान रखा जाएगा। वहीं, पुलिस जांच में स्कूल प्रशासन की लापरवाही सामने आने की बात कही गई है। डीसीपी अदिति सिंह के अनुसार, इस संबंध में किशोर न्याय अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
घटना ने स्कूल परिसरों में छोटे बच्चों की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। स्कूल प्रशासन की जिम्मेदारी और घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर होगी।