अमृतपाल सिंह ने जारी किया नया वीडियो, कही ये बड़ी बात
जानिए क्या है पूरा मामला
न्यूज़ क्रेडिट: आज तक
नई दिल्ली। भगोड़े अमृतपाल ने अपना दूसरा वीडियो जारी कर दिया है. वीडियो में अमृतपाल कह रहा है कि वह भगोड़ा नहीं, बल्कि बागी है. भागा नहीं है. जल्द दुनिया के सामने आएगा. उसने एक बार फिर सरकार के खिलाफ जहर उगलते हुए कहा है कि वह हुकूमत से नहीं डरता है, जिसे जो करना हो वह कर सकता है. अमृतपाल ने धमकी भरे अंदाज में कहा है कि उसके साथ जो भी चाहे मारपीट करना चाहे कर सकता है, वह डरता नहीं हैं. नए वीडियो में अमृतपाल ने अपने परिवार से मजबूत रहने के लिए भी कहा है. उसने कहा है कि वह जिस रास्ते पर चल रहा है, वह कांटों से भरा है. अमृतपाल ने एक बार फिर अकाल तख्त के जत्थेदार से सरबत खालसा बुलाने की अपील की है. उसने आगे कहा है,'मैं जो वीडियो रिलीज कर रहा हूं. शायद लोगों को शक है कि मेरा वीडियो पुलिस की कस्टडी में बना है.' अमृतपाल ने एक बार फिर युवाओं को भड़काने और उकसाने की कोशिश की है. वह वीडियो में कह रहा है कि उसे खुशी है कि वह कौम और अपने नौजवानों के लिए कुछ कर सका है.
सरबत खालसा एक ऐसी सभा को कहते हैं, जिसमें कि कई सिख संगठन हिस्सा लेते हैं. इस दौरान पंथक संगठन आए हुए संकट का हल तलाशने के लिए चर्चा करते हैं. इसके बाद जो भी फैसला होता है तख्त साहिब के जत्थेदार कौम को उसका पालन करने के लिए आदेश देते हैं. इससे पहले भी अमृतपाल ने एक वीडियो जारी किया था. इसमें उसने भारत और विदेशों में सिख समुदाय के लोगों से अन्याय के खिलाफ लड़ने का आह्वान किया था. उसने कहा था उसके साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन पर एनएसए लगा दिया गया. बताया गया था कि भगोड़े का वह वीडियो ब्रिटेन से जारी किया गया था. जिस यूट्यूब चैनल से ये वीडियो जारी हुआ था, उसे बाद में सरकार ने बैन कर दिया था. पिछले वीडियो में भगोड़े अमृतपाल ने कहा था कि सिखों को एक बड़े मकसद के लिए एकजुट होना है. वीडियो में अमृतपाल सिंह ने 18 मार्च की घटना के बारे में बताया था.