Paonta Sahib. पांवटा साहिब। पांवटा साहिब में बढ़ती गर्मी के साथ ही मिट्टी के मटकों और सुराहियों की मांग तेजी से बढ़ गई है। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली की समस्या के कारण लोग फ्रिज के बजाय अब पारंपरिक मिट्टी के बर्तनों का सहारा लेने लगे हैं। शहर में इन दिनों गर्मी का पारा 42 डिग्री तक पहुंच चुका है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मटका विक्रेता सुरेंद्र ने बताया कि मटकों में रखा पानी स्वाभाविक रूप से ठंडा रहता है और स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक होता है। बिजली की अनियमित आपूर्ति के कारण फ्रिज का पानी पर्याप्त ठंडा नहीं हो पाता, इसलिए ग्राहक बड़ी संख्या में मटके खरीदने पहुंच रहे हैं।
वहीं, ग्राहक सुनील ने बताया कि पहले 80 से 100 रुपए में मिलने वाला मटका अब 100 से 200 रुपए तक बिक रहा है, लेकिन गर्मी से राहत पाने के लिए लोग इसे खरीदना पसंद कर रहे हैं। मटका विक्रेता भावना ने बताया कि इस बार गर्मी जल्दी शुरू हो गई है, जिसके चलते बिक्री में अच्छा इजाफा हुआ है। उन्होंने कहा कि मटके का पानी स्वास्थ्य के लिए बेहतर होता है और लोगों को इसका उपयोग बढ़ाना चाहिए। गर्मी से राहत पाने के लिए बच्चे यमुना नदी और आसपास की नहरों में नहाते नजर आ रहे हैं। वहीं, कोल्ड ड्रिंक, जूस और गन्ने के रस की दुकानों पर भी भीड़ बढ़ गई है। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को अधिक गर्मी में बाहर का खाना खाने से बचने और बच्चों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।