एयरपोर्ट बखेड़ा, टैक्सी यूनियन और BKJ एयरपोर्ट स्टाफ में तीखी बहसबाजी

Update: 2026-05-22 08:59 GMT
Gaggal. गगल। गगल एयरपोर्ट पर गुरुवार शाम विमान सेवा रद्द होने के बाद बड़ा विवाद सामने आया। एयरपोर्ट पर विशेष विमानों का संचालन करने वाली कंपनी बीकेजे एयरपोट्र्स के कर्मचारियों और एयरपोर्ट टैक्सी यूनियन के चालकों के बीच जमकर कहासुनी हुई। मामला इतना बढ़ गया कि कंपनी की एक महिला कर्मचारी पर टैक्सी चालकों को थप्पड़ मारने की बात कहने के आरोप लगे। बताया जा रहा है कि बीकेजे एयरपोट्र्स के कर्मचारी अपनी निजी गाड़ी में यात्रियों को एयरपोर्ट से ले जा रहे थे, जिसका टैक्सी यूनियन ने विरोध किया। टैक्सी यूनियन प्रधान कुलजीत राणा का आरोप है कि कंपनी के कर्मचारी पहले एक यात्री को निजी गाड़ी में ले गए और फिर दोबारा आकर अन्य यात्रियों को
बैठाने लगे।


विरोध करने पर कंपनी स्टाफ द्वारा टैक्सी चालकों के साथ बदसलूकी की गई। टैक्सी यूनियन का कहना है कि चालक लाखों रुपए खर्च कर और बैंकों से लोन लेकर टैक्सियां चला रहे हैं, जबकि एयरपोर्ट प्रशासन को भी यूनियन द्वारा शुल्क दिया जाता है। इसके बावजूद उनके साथ लगातार गलत व्यवहार किया जा रहा है। जब मीडिया द्वारा बीकेजे एयरपोट्र्स कंपनी से संबंधित महिला कर्मचारी का पक्ष जानने की कोशिश की गई तो कंपनी और एयरपोर्ट प्रशासन एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डालते नजर आए। काफी इंतजार के बाद बताया गया कि संबंधित कर्मचारी बात करने को तैयार नहीं है। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर गगल एयरपोर्ट पर हुई इस घटना की जिम्मेदारी कौन लेगा?
Tags:    

Similar News