एयरपोर्ट विस्तार ने पकड़ी रफ्तार, खाली हुए दो दर्जन भवनों पर प्रशासन का कब्जा
Hospice. धर्मशाला। एयरपोर्ट के बहुचर्चित विस्तारीकरण प्रोजेक्ट ने अब कागजों से निकलकर धरातल पर रफ्तार पकड़ ली है। प्रशासन ने पूरी तरह से एक्शन मोड में आते हुए अधिग्रहण की जद में आए करीब दो दर्जन खाली हो चुके घरों को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही एयरपोर्ट के लिए चयनित 158 हेक्टेयर भूमि की फेंसिंग के लिए लोक निर्माण विभाग पीडब्ल्यूडी को सवा करोड़ रुपए का बजट भी जारी कर दिया गया है। उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी दिवाली के त्योहार के बाद भवनों को खाली करवाने और कब्जे की इस पूरी प्रक्रिया में और अधिक तेजी आएगी।
जमीन और भवनों को खाली करवाकर उन पर आधिकारिक कब्जा लेने की इस अहम प्रक्रिया को सुचारू रूप से सिरे चढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने दो विशेष टीमें गठित की हैं। ये टीमें तहसीलदार कांगड़ा और तहसीलदार शाहपुर के नेतृत्व में मोर्चे पर डटी हुई हैं। अब तक लगभग 19 से अधिक ऐसे भवनों को प्रशासन ने अपने नियंत्रण में ले लिया है, जिन्हें प्रभावित परिवारों द्वारा खाली कर दिया गया था। इसके अलावा, अधिग्रहण क्षेत्र में आने वाले अन्य सरकारी कार्यालयों और निजी भवनों को खाली करवाने की कवायद भी लगातार चल रही है। हवाई अड्डे के विस्तार के लिए चयनित 158 हेक्टेयर भूमि को सुरक्षित करने की दिशा में भी बड़ा कदम उठाया गया है। प्रशासन की ओर से सवा करोड़ रुपए का फंड मिलते ही पीडब्ल्यूडी ने फेंसिंग की तैयारियां तेज कर दी हैं। जल्द ही पिलरों पर कांटेदार तार लगाने का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।