Jaipur जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी राहुल झा को पुलिस ने रींगस से हिरासत में ले लिया है। वारदात के बाद आरोपी जयपुर से फरार होकर खाटूश्यामजी पहुंचा था। वहां दर्शन करने और होटल में ठहरने के बाद पैसे खत्म होने पर उसने अपनी अंगूठी बेचने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हुआ।
पुलिस के मुताबिक, राहुल झा खाटूश्यामजी में दर्शन करने के बाद एक होटल में रुका था। खर्च के लिए पैसे नहीं बचे तो उसने होटल संचालक को अपनी अंगूठी देकर 500 रुपये लेने की कोशिश की। होटल संचालक ने अंगूठी लेने और रुपये देने से इनकार कर दिया। इसके बाद राहुल होटल छोड़कर रींगस की ओर चला गया।
इसी दौरान क्राइम ब्रांच की CST टीम को उसके रींगस में मौजूद होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए राहुल झा को हिरासत में ले लिया। बताया गया है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर कर्ज में डूबे होने की बात कही है। पुलिस अब इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि वारदात के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और हत्या के बाद आरोपी किन-किन स्थानों पर गया। पूरे ऑपरेशन को पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देश और स्पेशल कमिश्नर ओमप्रकाश की निगरानी में अंजाम दिया गया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस उसके फरार रहने के दौरान की गतिविधियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है।
Tags: