शिमला। शहर के कॉलेजों में कल से सत्र 2026-27 की एडमिशन शुरू होगी। कॉलेजों में बीए, बीकॉम और बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं की एडमिशन प्रक्रिया शुरू होगी। शहर के तीनों कॉलेजों सेंटर ऑफ एक्सिलेंस संजौली कॉलेज, राजकीय कन्या महाविद्यालय और राजीव गांधी गवर्नमेंट डिग्री कोटशेरा कॉलेज द्वारा कल यानी एक जून को अपनी वेबसाइट पर डिटेल डाल दी जाएगी। हालांकि आरकेएमवी कॉलेज द्वारा पहले ही आनलाइन प्रोस्पेक्टस 2026-27 डाल दिया है। कल से इच्छुक छात्र कॉलेजों की वेबसाइट पर जाकर प्रॉस्पेक्टस डाउनलोड कर सकेंगे और ऑनलाइन आवेदन कर पाएंगे।
विद्यार्थी बीए, बीकॉम और बीएससी सहित विभिन्न विषयों में आवेदन कर सकेंगे। हर विषय के लिए निर्धारित सीटों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाएगी। छात्रों को पोर्टल पर कॉलेज, विषय, सीटों और प्रवेश संबंधी पूरी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी। छात्र कॉलेज परिसर से भी प्रॉस्पेक्टस प्राप्त कर सकेंगे, ताकि दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। कॉलेजों में आवेदन प्रक्रिया 1 जून से शुरू होकर 19 जून तक चलेगी। इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी और चयनित विद्यार्थियों को तय समय में फीस जमा करवानी होगी।