बदहाल सुविधाओं पर आदित्य ठाकरे ने उठाए सवाल, मुख्यमंत्री से समाधान की मांग
मुंबई। महाराष्ट्र के प्रमुख औद्योगिक और रोजगार केंद्रों चाकन और हिंजेवाड़ी में बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं को लेकर शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे ने राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्र महाराष्ट्र के विकास और रोजगार सृजन के महत्वपूर्ण केंद्र हैं, लेकिन स्थानीय जनता पानी, सड़क और कचरा प्रबंधन जैसी समस्याओं से परेशान है।
आदित्य ठाकरे ने कहा कि पिछले चार से पांच महीनों से इन क्षेत्रों में लगातार आंदोलन हो रहे हैं। स्थानीय नागरिक बुनियादी सुविधाओं में सुधार की मांग कर रहे हैं। उनके मुताबिक, क्षेत्र में जलापूर्ति की व्यवस्था बेहद खराब है। नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है और सड़कों की स्थिति भी ठीक नहीं है। शिवसेना (यूबीटी) नेता ने कहा कि चाकन और हिंजेवाड़ी जैसे रोजगार सृजन करने वाले क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी को लेकर सरकार को गंभीरता दिखानी चाहिए। उन्होंने इन समस्याओं के समाधान के लिए मुख्यमंत्री से पहल करने की मांग की।
आदित्य ठाकरे ने कहा, “चाकन और हिंजेवाड़ी महाराष्ट्र के ग्रोथ सेंटर हैं। ये दोनों ही रोजगार पैदा करने वाले केंद्र हैं। पिछले चार-पांच महीनों से वहां बहुत से आंदोलन हो रहे हैं। वहां की स्थानीय जनता कह रही है कि पानी की व्यवस्था बहुत खराब है, कचरा उठाया नहीं जाता है और रास्ते बहुत खराब हैं। उन्होंने राज्य के विकास की दिशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री एक ही बैठक में इन सभी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। ठाकरे ने स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता देने की आवश्यकता पर जोर दिया।
औद्योगिक और रोजगार केंद्रों में बेहतर सड़क, नियमित जलापूर्ति और स्वच्छता जैसी बुनियादी सुविधाएं स्थानीय नागरिकों के साथ वहां काम करने वाले लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण होती हैं। आदित्य ठाकरे ने इन्हीं सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को अपने बयान में प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि महाराष्ट्र को किस दिशा में लेकर जाया जा रहा है। उनका कहना है कि विकास और रोजगार के प्रमुख केंद्रों में नागरिकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए मुख्यमंत्री को तत्काल पहल करनी चाहिए।
आदित्य ठाकरे ने अपने बयान के माध्यम से चाकन और हिंजेवाड़ी में जारी आंदोलनों तथा स्थानीय नागरिकों की परेशानियों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से बैठक आयोजित कर इन समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है।