चेन्नई। तमिलनाडु के मदुरै जिले में स्थित तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर की पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने को लेकर जारी विवाद के बीच चेन्नई में भाजपा नेता विनोज पी सेल्वम को पुलिस ने हिरासत में लिया है। मंगलवार, 24 नवंबर को दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने की मांग को लेकर राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा और हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। विवाद के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वहीं, भाजपा नेताओं ने तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।तिरुपरनकुंद्रम दीपम विवाद को लेकर भाजपा के प्रदेश सचिव विनोज पी सेल्वम पहले भी विरोध प्रदर्शन कर चुके हैं। रविवार, 22 नवंबर को उनके नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेन्नई में दीप यात्रा निकाली थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार से तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ में पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति देने की मांग की थी।
मंगलवार शाम तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित उची पिल्लयार मंदिर के ऊपर पारंपरिक स्थल पर महादीपम प्रज्ज्वलित किया गया। हालांकि, विवादित दीपथून स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया। इसके बाद विभिन्न हिंदू संगठनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने नाराजगी व्यक्त की। मदुरै में मंदिर के बाहर विरोध प्रदर्शन के दौरान भी तनाव की स्थिति देखने को मिली।धार्मिक आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए मदुरै और आसपास के क्षेत्रों में 5,600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने अनधिकृत जुलूसों, सार्वजनिक सभाओं और बिना अनुमति पहाड़ी पर जाने पर प्रतिबंध लगाया है। तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों को अस्थायी रूप से ड्रोन प्रतिबंधित क्षेत्र भी घोषित किया गया है।इससे पहले तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को भी तिरुपरनकुंद्रम जाते समय तिरुनेलवेली में पुलिस ने हिरासत में लिया था। उनके साथ पार्टी के करीब 50 कार्यकर्ताओं को भी रोका गया था। राज्य के विभिन्न हिस्सों में भाजपा और हिंदू संगठनों के नेताओं के खिलाफ एहतियाती पुलिस कार्रवाई की जानकारी सामने आई है।
दरअसल, तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद लंबे समय से जारी है। यह स्तंभ हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के निकट स्थित है। हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं का एक वर्ग इस स्तंभ पर धार्मिक अनुष्ठान के तहत दीप जलाने की मांग कर रहा है। हालांकि, इस स्थान की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक परंपराओं को लेकर विभिन्न पक्षों के बीच मतभेद हैं।सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर 2026 को एक अंतरिम आदेश जारी करते हुए कार्तिगई दीपम के अवसर पर दीपथून स्तंभ पर दीप प्रज्ज्वलित करने की अनुमति दी थी। न्यायालय ने स्पष्ट किया था कि यह व्यवस्था केवल इस वर्ष के धार्मिक आयोजन तक सीमित रहेगी। इसके आधार पर भविष्य में किसी स्थायी धार्मिक अथवा संपत्ति संबंधी अधिकार का दावा नहीं किया जा सकता है।
न्यायालय के निर्देशों के अनुसार मंदिर प्रशासन द्वारा अधिकृत सीमित संख्या में प्रतिनिधियों के माध्यम से धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किया जाना था। इसके लिए जिला प्रशासन, पुलिस और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों के बीच समन्वय की व्यवस्था निर्धारित की गई थीमुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश पर पुनर्विचार करने की मांग की है। सरकार के इस कदम का भाजपा और विभिन्न हिंदू संगठनों ने विरोध किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि धार्मिक आयोजन के संबंध में न्यायालय द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।इस बीच मद्रास हाईकोर्ट की मदुरै पीठ ने मंगलवार को संबंधित अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अदालत ने स्पष्ट किया कि पुनर्विचार याचिका लंबित होना आदेश का पालन नहीं करने का आधार नहीं हो सकता है। न्यायालय ने प्रतिबंधात्मक आदेशों के तहत गैरकानूनी रूप से हिरासत में लिए गए लोगों को रिहा करने के निर्देश भी दिए।
तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने भी दीपथून पर दीप प्रज्ज्वलित नहीं किए जाने को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की है। उन्होंने सरकार के फैसले को ऐतिहासिक भूल बताते हुए न्यायालय के निर्देशों का अनुपालन नहीं करने का आरोप लगाया है।कार्तिगई दीपम तमिलनाडु के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक त्योहारों में शामिल है। इस अवसर पर श्रद्धालु भगवान शिव और भगवान मुरुगन की आराधना करते हैं। तिरुपरनकुंद्रम मुरुगन मंदिर कोभगवान मुरुगन के छह प्रमुख पवित्र धामों में पहला माना जाता है। इस पर्व के दौरान मंदिरों और घरों में दीप प्रज्ज्वलित करने की विशेष परंपरा है।फिलहाल दीपथून विवाद को लेकर तमिलनाडु में राजनीतिक बयानबाजी जारी है। चेन्नई में विनोज पी सेल्वम को हिरासत में लिए जाने की खबर के बीच भाजपा कार्यकर्ताओं में नाराजगी का माहौल है। वहीं, प्रशासन सार्वजनिक सुरक्षा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने के लिए सतर्क है। अब सभी की निगाहें राज्य सरकार की आगामी कार्रवाई और मामले में होने वाली न्यायिक कार्यवाही पर टिकी हुई हैं।
Tags: