कोटा: टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मुंबई में फायरिंग करने के बाद ट्रेन से भाग रहे तीनों आरोपियों को राजस्थान के कोटा में दबोच लिया गया. कोटा की एसपी तेजस्विनी गौतम के मुताबिक, मुंबई पुलिस से सुबह सूचना मिलते ही डीएसपी और साइबर सेल की टीम ने महज 15 मिनट में जाल बिछाया और पूरी ट्रेन की तलाशी लेकर तीनों को पकड़ लिया. पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी नेपाल भागने के फिराक में थे.

एसपी ने कहा कि रेहान(सोनीपत), ऋतिक कुर्मी उर्फ रोशन (बिहार) और एक नाबालिग - इन तीनों को हमने हिरासत लिया है. अभी इनके कब्जे से अभी कोई हथियार बरामद नहीं हुए हैं. लेकिन अभी पूछताछ की जाएगी कि इन्होंने उन हथियारों का क्या किया. वारदात के बाद ये लोग तुरंत रवाना हो गए थे. दिल्ली के जरिए ये लोग नेपाल भागने के प्लानिंग में थे.
कोटा एसपी ने आगे कहा कि रेहान इनमें मुख्य आरोपी बताया जा रहा है, जिससे अनिल पंडित ने संपर्क किया था. उसी ने पूरी वारदात की प्लानिंग को अंजाम ने दिया. इनकी पूरी इनपुट हमें मुंबई पुलिस ने दी थी. अब हम इन्हें मुंबई पुलिस को सौंप देंगे.
अब आरोपियों को जल्द ही मुंबई पुलिस के हवाले किया जाएगा. सवाल है कि पूछताछ में इन आरोपियों से कौन-कौन से बड़े खुलासे होंगे?
Tags: