दरभंगा। बिहार के दरभंगा जिले में दीपावली की रात रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक ने अपने ही चचेरे भाई शशिकांत ठाकुर की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी कुमुद ठाकुर घर में घुसा और शशिकांत को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया और दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के मुताबिक, दीपावली की रात आरोपी कुमुद ठाकुर पुरानी रंजिश को लेकर शशिकांत ठाकुर के घर पहुंचा। आरोप है कि उसने घर में घुसकर शशिकांत को गोली मार दी। अचानक हुई इस वारदात से परिवार के लोगों में चीख-पुकार मच गई। गोली लगने के बाद शशिकांत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पिस्टल, एक खोखा और 40 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पांच से छह लोगों को निशाना बनाने का दावा
मृतक के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि आरोपी के निशाने पर परिवार के पांच से छह लोग थे। परिजनों के इस दावे के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम और आरोपी के इरादों की जांच कर रही है।
पहले ही जताया था जान का खतरा
इस हत्याकांड में एक अहम बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, शशिकांत ठाकुर ने पहले ही थाने में शिकायत देकर अपनी जान को खतरा बताया था। आरोप है कि शिकायत के बावजूद समय रहते कार्रवाई नहीं की गई। अब इस मामले में पुलिस की पूर्व कार्रवाई और शिकायत पर की गई कार्रवाई की भी जांच किए जाने की बात कही जा रही है। यदि जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।
गांव में तनाव, पुलिस जांच में जुटी
दीपावली की रात हुई इस हत्या के बाद पड़री गांव में तनाव का माहौल है। एक तरफ परिवार अपने सदस्य की हत्या से सदमे में है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार और कारतूस बरामद किए हैं। मामले में पुरानी रंजिश, हत्या की वजह, अन्य संभावित निशाने और पहले दी गई शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने के आरोपों की जांच की जा रही है।
Tags: