Accident: किन्नौर के कंडार और लिप्पा-असरंग मार्ग पर दर्दनाक हादसे, दो की मौत
Bhavanagar. भावानगर। किन्नौर जिला में शनिवार को हुए दो अलग-अलग वाहन दुर्घटनाओं में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को रामपुर हॉस्पिटल रैफर किया गया है। पहली घटना निचार उपमंडल के कंडार संपर्क सडक़ पर हुई। जिला में एक बुलेरो गाड़ी के सडक़ से करीब पांच सौ मीटर नीचे गहरी खाई में लुढक़ जाने से सतपाल गांव रिब्बा निवासी की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा शनिवार करीब रात साढ़े आठ बजे बताई जा रही है। एसडीपीओ भावानगर राजकुमार ने कहा कि घटना में एक युवक की मौत हुई है। दूसरी घटना लिप्पा-असरंग संपर्क सडक़ पर लफो नामक स्थान पर हुई। बताया जाता कि इस घटना में वाहन गहरी खाई में जा गिरा।
वाहन में सवार तीन लोगों में एक की मौके पर ही मौत हुई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को क्षेत्रिय चिकित्सालय रिकांगपिओ में प्राथमिक उपचार देने के बाद रामपुर हॉस्पिटल रैफर किया गया। मृतक की पहचान भगवान छेरिंग उम्र 20 साल असरंग निवासी के रूप में हुई है, जबकि घायल वंशी लाल 19 साल व यशवंत दोनों असरंग निवासी है। घटना सुबह तीन बजे बताई जा रही है। खबर की पुष्टि करते हुए मुरंग थाना प्रभारी जवाहर ठाकुर ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पहुंची थी। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रिकांगपिओ भेजा गया। पुलिस ने दोनों घटनाओं पर मामला दर्ज कर घटना की जांच की जा रही है। वहीं एसपी किन्नौर ने हादसों की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस हादसों के कारणों की छानबीन कर रही है।