धर्मपुर। धर्मपुर थाना के तहत थाना बरौटी पंचायत के हवाणी स्कूल के पास एक टिप्पर के दुर्घटना ग्रस्त होने से चालक की मौत होने का समाचार है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्टट्रीय उच्च मार्ग निर्माण कंपनी का एक टिप्पर बरोटी की ओर कुछ निर्माण सामग्री लेकर जा रहा था तो हवाणी के पास अचानक डंगा बैठ गया, जिससे टिप्पर करीब सौ से डेढ़ सौ मीटर नीचे जा गिरा और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के समय कुछ दूरी पर विद्युत विभाग के कर्मचारी भी काम में लगे हुए थे। उन्होंने जैसे टिप्पर को गिरते हुए देखा तो घायल चालक को अन्य लोगों की सहायता से बाहर निकाला। लोग मदद के लिए जुट गए। इसके बाद घायल चालक को धर्मपुर सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई। चालक की पहचान निर्मल कुमार निवासी बिलासपुर के रूप में हुई है। निर्मल कुमार एनएच निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में कार्यरत्त था। दुर्घटना की सूचना मिलते ही धर्मपुर पुलिस ने मौके पर जाकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया है। धर्मपुर पुलिस थाने में इस संबंध में मुकदमा दर्ज किया गया है। उधर, इस बाबत डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि मामला दर्ज कर हादसे की जांच की जा रही है।
Tags: