ACCIDENT: हाईवे पर बिखरी इनोवा, चार लोगों ने मौके पर तोड़ा दम
गणपति को विदा कर लौट रहे थे चार जिंदगी भी हुई विदा
Hyderabad. हैदराबाद। तेलंगाना में हैदराबाद के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे लोगों की इनोवा कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया।
शमशाबाद पुलिस के मुताबिक हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पालमकुला गांव के बाहरी इलाके में हुआ। इनोवा में सवार लोग महबूबनगर स्थित अपने पैतृक गांव गए थे। वहां गणेश विसर्जन से जुड़े कार्यक्रम और धार्मिक रस्मों में शामिल होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार दुर्घटना का शिकार हो गई।
हादसा इतना गंभीर था कि कार में सवार चार लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। मृतकों के शवों को वाहन से बाहर निकालकर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा गया। कार चला रहे व्यक्ति की पहचान सबावथ अशोक के रूप में हुई है। दुर्घटना में अशोक को गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल इलाज के लिए शमशाबाद स्थित ट्राइडेंट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जानकारी जांच के बाद सामने आएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।