Khandva. खंडवा। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर में सावन महीने के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नर्मदा नदी के केवलराम घाट पर स्नान करने पहुंचे एक श्रद्धालु की गहरे पानी में जाने से डूबकर मौत हो गई। मृतक उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का रहने वाला था। हादसे के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और मृतक के साथ आए दोस्तों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद NDRF, होमगार्ड और स्थानीय नाविकों की मदद से तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन एक युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।
चार दोस्त दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे ओंकारेश्वर
जानकारी के अनुसार लखनऊ निवासी शुभम तिवारी अपने तीन दोस्तों के साथ सावन महीने में भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन और नर्मदा स्नान के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सभी दोस्त केवलराम घाट पर नर्मदा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान चारों अचानक नदी के गहरे हिस्से में पहुंच गए और डूबने लगे। घटना को देखते ही घाट पर मौजूद लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया। इसके बाद बचाव दल और स्थानीय नाविक तुरंत सक्रिय हुए।
तीन दोस्तों को बचाया गया
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF, होमगार्ड और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी प्रयास के बाद तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं शुभम तिवारी को भी पानी से बाहर निकाला गया। उसके साथी उसे तत्काल ओंकारेश्वर सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच हादसा
सावन महीने में ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। नर्मदा घाटों पर भी स्नान करने वालों की संख्या बढ़ जाती है। प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं को गहरे पानी में नहीं जाने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की लगातार अपील की जाती है। इसके बावजूद कई बार श्रद्धालु उत्साह में नदी के खतरनाक हिस्सों तक पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे हो जाते हैं। घटना के बाद प्रशासन और सुरक्षा टीमों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि नर्मदा नदी में स्नान करते समय सावधानी बरतें और निर्धारित सुरक्षित स्थानों पर ही स्नान करें। पुलिस और प्रशासन द्वारा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार और साथियों में शोक का माहौल है।
Tags: