Himachal Pradesh हिमाचल प्रदेश: बिलासपुर जिले के झंडूता सबडिवीजन के बलोह गांव में शनिवार सुबह खेतों में एक संदिग्ध हवाई जहाज जैसा गुब्बारा मिलने से हड़कंप मच गया। गुब्बारे पर ‘Pakistan International Airlines’ लिखा होने के कारण इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बन गया।


स्थानीय निवासी राजकुमार के अनुसार, सुबह जब ग्रामीण खेतों में काम कर रहे थे, तभी उन्हें यह गुब्बारा दिखाई दिया। इसकी असामान्य बनावट और उस पर लिखे विदेशी एयरलाइन नाम को देखकर ग्रामीणों ने तुरंत तलाई पुलिस स्टेशन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू की। पुलिस ने गुब्बारे को अपने कब्जे में लेकर उसे सुरक्षित तरीके से थाने पहुंचाया है।


प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि यह गुब्बारा किसी प्रचार या मौसम संबंधी गतिविधि का हिस्सा हो सकता है, हालांकि पुलिस किसी भी संभावना को खारिज नहीं कर रही है। सुरक्षा एजेंसियों को भी मामले की जानकारी दे दी गई है और गुब्बारे की बनावट, स्रोत और उद्देश्य की जांच की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद कुछ समय के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।
Tags: