फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में पार्किंग को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया। सेक्टर-21C में एक 42 वर्षीय व्यक्ति की उसके पड़ोसी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक एक निजी कंपनी में काम करता था और सिंगापुर में कार्यरत था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर दो दिन की रिमांड पर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना सेक्टर-21C स्थित मकान नंबर 641 में हुई। यहां परमजीत पहली मंजिल पर रहता था, जबकि आरोपी मोनू तीसरी मंजिल पर रहता था। दोनों के बीच किसी मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया गया है कि पार्किंग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई, जो धीरे-धीरे बढ़ती चली गई। आरोप है कि विवाद के दौरान मोनू ने गुस्से में आकर परमजीत पर गोली चला दी। गोली लगने से परमजीत की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।
आरोपी दो दिन की पुलिस रिमांड पर
थाना प्रभारी प्रह्लाद कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी राजस्थान के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर भी कारोबार करता है।
SHO के अनुसार, दोनों व्यक्तियों की उम्र लगभग 40 से 42 वर्ष के बीच है। शुरुआती जानकारी में मामूली विवाद के दौरान गुस्से में गोली चलाने की बात सामने आई है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या में इस्तेमाल हथियार की तलाश जारी है।
Tags: